हल्द्वानी। कोरोना वायरस के खिलाफ सरकार की नीति फेल होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मंगलवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ता बुद्ध पार्क में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुचरण सिंह प्रिंस ने कहा केंद्र सरकार ने 21 दिनों में कोरोना के खिलाफ जंग जीतने का दावा किया था। लेकिन आज 100 से भी अधिक दिन हो चुके है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे संक्रमित देश बन गया है। बावजूद इसके सरकार अब भी लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताली बजवाकर, दीये जलवाकर और आरोग्य सेतु एप डाऊनलोड करवाकर देश को गुमराह करते रहे। जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह गौनिया ने कहा आपदा में वेंटीलेटर घोटाला सामने आ चुका है। सैंकड़ों वेंटीलेटर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। सरकार को इस बात का जवाब देना चाहिए। यहां विधानसभा अध्यक्ष त्रिलोक सिंह, राजू रावत, हेमंत कुमार, सूरज, सालिम सिद्दीकी, पूरन बिष्ट, मानस बेलवाल, तरनप्रीत सिंह, चन्द्रमोहन भट्ट आदि रहे।