मकान के मलवे में तीन जिंदगी हुई जिंदा दफन
हल्द्वानी/ अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा के  द्वाराहाट ब्लाॅक के अल्मियागांव तैलमैनारी में देर रात दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। हादसे में परिवार के तीन लोग मलबे में जिंदा दफन हो गए। मकान स्वामी गंभीर रूप से घायल है। बुरी तरह घायल मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि छोटी बेटी ने उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा राशि देने के निर्देश दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्मियागांव तैलमैनारी में अतिवृष्टि से बीती रात दोमंजिला मकान भरभरा कर गिर गया। ग्रामीणों के अनुसार घटना के वक्त मकान में 50 वर्षीय चंद्रा देवी  तथा उसकी 17 वर्षीय पुत्री कमला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छोटी पुत्री 12 वर्षीय पिंकी ने उपचार के लिए रानीखेत ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मकान स्वामी रमेश राम (60) गंभीर रूप से घायल है। जिसे रानीखेत भर्ती करवाया गया है। उप जिलाधिकारी आरके पांडे ने बताया कि रात में ही टीम अल्मियागांव पहुंची। तेज बारिश में बड़ी मुश्किल से दबे लोगों को निकाल तत्काल एंबुलेंस से रानीखेत भिजवाया गया। ताकि घायलो की जान बचाई जा सके। लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया की जा रही है। ग्रामप्रधान प्रताप राम ने बताया कि चारों लोग निचले तल पर सोये थे। अतिवृष्टि से पूरा मकान ढह गया। मलबे में चारों लोग दब गए। मां बेटी की मौत तत्काल हो गई। जबकि छोटी पुत्री पिंकी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। रमेश राम गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी की।