हल्द्वानी/गरमपानी। जंगल से घास काटकर घर लौट रही तीन महिलाएं गरमपानी के समीप जौरासी क्षेत्र में कोसी नदी में डूब गई। सूचना पर मौके पर पहुची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर एक महिला का शव तो बरामद कर लिया गया है, लेकिन दो अन्य महिलाओं का कोई पता नही चल सका।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चमड़िया गांव से तीन महिलाएं रविवार तड़के घास काटने जंगल गई थी। इस दौरान सुबह करीब साढ़े नौ बजे तीनों घास काटकर हाईवे के समीप जौरासी क्षेत्र से कोसी नदी को पार कर रहीं थीं। लगातार बारिश चलते नदी का जल स्तर अधिक होने के कारण तीनों एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर नदी पार करने लगी। इसी बीच बहाव अधिक होने के कारण तीनों अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। क्षेत्रवासियों ने इस घटना को देखा, लेकिन उन्हें बचाने की कवायद की जाती। इससे पहले वह पूरी तरह डूब चुकी थीं। जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर एसडीएम कोश्या कुटौली ऋचा सिंह, नायब तहसीलदार शुभांगिनी, खैरना चौकी इंचार्ज आशा बिष्ट समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जिसके बाद राहत बचाव का कार्य शुरू किया गया। लगभग एक घंटे के सर्च अभियान के बाद एक महिला के शव को बरामद कर लिया गया। जबकि दो अन्य महिलाओ का कही पता नही चल सका। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ तथा जल पुलिस की ओर से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही संबंधित महिलाओं के गांव में संपर्क कर उनके परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है।