हल्द्वानी। प्रसव पीड़िता महिला को लेकर सरकारी अस्पताल आ रही एंबुलेंस का रास्ता एक हाथी ने रोक लिया। आधे घण्टे तक जब हाथी सड़क से नही हटा तो प्रसव पीड़िता की हालत बिगड़ गई। स्थिति को देखकर एंबुलेंस के ईएमटी को वाहन में ही प्रसव कराना पड़ा। आधे घंटे के बाद हाथी के जंगल की ओर चले जाने के बाद जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस से सकुशल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोहरा कोट अमगड़ी निवासी गीतांजलि पत्नी हेमचंद को गुरुवार की सुबह प्रसव पीड़ा हुई। दोपहर 12 बजे परिजनों ने एंबुलेंस को बुलाया। परिजनों ने बताया कि सीतावनी गेट के पास एक हाथी एंबुलेंस के आगे खड़ा हो गया। रास्ते में हाथी के आ जाने के बाद एंबुलेंस के ईएमटी शुभम कुमार और मदन सत्यवली ने वाहन को हाथी से करीब 200 मीटर दूर खड़ा कर दिया। हेमचंद ने बताया कि प्रसव पीड़ा बढ़ने पर दोनों ईएमटी ने वाहन में ही गीतांजलि का प्रसव कराया। हाथी करीब आधे घंटे के बाद जंगल की ओर चला गया। तब जाकर उनकी पत्नी को सकुशल सरकारी अस्पताल लेकर आए। सीएमएस डॉ.बीडी जोशी ने बताया कि महिला की हालत बेहतर है। महिला ने स्वस्थ्य बच्ची को जन्म दिया है।
हाथी ने रोका रास्ता, एम्बुलेंस में ही करना पड़ा महिला का प्रसव