भाजपा नेता रावत ओर बिष्ट की कांटैक्ट ट्रेसिंग करने में जुटा प्रशासन

हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत व नैनीताल के जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट के कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमित होने से पहले दोनों नेताओं के पार्टी कार्यक्रम और दौरों में रहने के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की टीम ने इनके संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। भाजपा के तमाम कार्यक्रमों में सक्रिय रहने के दौरान प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत को 14 जुलाई को बुखार की शिकायत हुई थी। इसके बाद वह शहर के एक होटल में सेल्फ क्वारंटाइन हो गए थे। शनिवार को उनका बेस अस्पताल में रैपिड टेस्ट किया गया, जो पॉजिटिव आ गया। वहीं, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट भी चार दिनों से बुखार पीड़ित थे। वे भी घर में सेल्फ क्वारंटाइन चल रहे थे। शनिवार को श्री बिष्ट भी बेस अस्पताल में कोरोना जांच को रैपिड टेस्ट कराने पहुंचे। बेस अस्पताल के पीएमएस डॉक्टर हरीश लाल ने बताया कि दोनों नेताओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। प्रशासन की टीम ने अब उनकी ट्रेवल हिस्ट्री के साथ कांटैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है।