यूकेडी ने दिया ब्रिडकुल परिसर में सांकेतिक धरना
हल्द्वानी। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने चल्थी पुल निर्माण में लापरवाही व भ्रष्टाचार करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को ब्रिडकुल परिसर में सांकेतिक धरना दिया। 

इस दौरान उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने बताया कि ब्रिडकुल के प्रबंधन को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि चल्थी पुल निर्माण में लापरवाही व भ्रष्टाचार के संबंध में 23 जून को शासन में बैठक है, इसलिए उन्होंने उक्रांद कार्यकर्ताओं से धरना स्थगित करने की अपील की थी। पर कार्यकर्ताओं ने उनकी अपील पर केवल एक दिवसीय सांकेतिक धरना देकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि चल्थी में 2017 से प्रस्तावित पुल के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार के सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। सांकेतिक धरने में हल्द्वानी उक्रांद महानगर अध्यक्ष और पार्षद नगर निगम रवि वाल्मीकि, राकेश भट्ट, किशोर सिंह रावत उपस्थित रहे।