केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज हल्द्वानी में

हल्द्वानी। केन्द्र की मोदी सरकार उत्तराखंड के लिए वरदान साबित हुई है। केन्द्र की इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए  केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बुधवार को वर्चुअल रैली के माध्यम से कुमाऊं मंडल के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। इस रैली से डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से 1 लाख लोगों को जोड़ा जाएगा। यह बात भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत ने भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में पत्रकारो को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा केन्द्र की पलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भाजपा लाखों लोगों तक संवाद स्थापित करेगी। कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते हमें सामाजिक  दूरी बनाए रखने  के साथ लॉकडाउन के नियमों का पालन भी करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी कार्यकर्ता डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से वर्चूअल रैलियां करने का निर्णय किया है। इस क्रम में कल10 जून को 3 बजे से केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कुमांऊ मंडल की रैली को संबोधित करेंगी तथा 15 जून को केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ  सिंह सुबह 11 बजे से गढ़वाल मंडल की रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि फेसबुक लाइव, ट्वीटर, यूट्यूब, बीजेपी उत्तराखण्ड आदि माध्यमों से भी लोग रैली में भागीदारी करेंगे। रैलियों में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित राज्य के सम्मानित भाजपा सांसद व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी भी डिजिटल माध्यम से लोगों से जुडे़ंगे। पार्टी के कार्यकर्ता भी व्हट्सएप, फेसबुक आदि माध्यमों से लोगों से रैली में डिजिटल माध्यम से जुड़ने के लिए आग्रह कर रहें हैं। इन वर्चूअल रैलियों के बाद आगामी दिनों में विधानसभावार राज्य की 70 विधानसभाओं में भी इसी प्रकार डिजिटल माध्यम से रैली की जाएंगी। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, कुमाऊं मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा व जिला मीडिया प्रभारी संजय दुम्का आदि मौजूद रहे।