हल्द्वानी। उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार ने आपातकाल जैसे हालात पैदा कर दिए है। भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने के लिए हर हथकंडा अपनाने से भी गुरेज नही कर रही है। यह आरोप
नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने राज्य सरकार पर लगाये है। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पेट्रोल-डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ देहरादून में प्रदर्शन कर रहे थे। मगर भाजपा सरकार ने कांग्रेस अध्यक्ष समेत 150 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दिया। इसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि डीजल-पेट्रोल के दामों में हुई वृद्धि से देश परेशान है। महंगाई आसमान छू रही है। इसका विरोध करना हर व्यक्ति का जनतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने सरकार को चेताया कि जल्द कांग्रेस नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस न लिया गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे।
कांग्रेस जेलभरो आंदोलन चलाएगी
कांग्रेस नेताओं पर दर्ज मुकदमे के विरोध में कार्यकर्ता आंदोलन की तैयारी में है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने कहा कि वर्तमान में समूचा देश अघोषित आपातकाल से गुजर रहा है। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का दमन किया जा रहा है। जनता की आवाज उठाने पर जेल भी जाना पड़े तो कांग्रेसी तैयार हैं। नैनीताल जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि कार्यकर्ता जेल भरो आंदोलन चलाकर सरकार का विरोध करेंगे। जनता के हितों की बात करने वालों को चुप नहीं किया जा सकता।